Banner

एक आदर्श बन सकता है कैदियों द्वारा चलाया जाने वाला पुरुषों का ब्यूटी पार्लर! - अतुल मलिकराम

 जेल प्रशासन कैदियों के लिए अक्सर ऐसी पहल करते हैं जिनकी वे कभी उम्मीद नहीं करते हैं। तिरुवनंतपुरम में पुरुषों का एक ब्यूटी पार्लर खोला गया है। यह पार्लर पूजापुरा सेंट्रल जेल प्रशासन द्वारा पुनर्वास मिशन के तहत शुरू किया गया है और इसे 20 कैदी मिलकर चलाते हैं। यह ब्यूटी पार्लर शहर के एक पुराने भवन को नवीनीकृत करके बनाया गया है।



इसकी सबसे खास बात यह है कि यहां दी जाने वाली सेवाएं बाजार की तुलना में काफी सस्ती होती हैं।

जानकारी के मुताबिक इस पार्लर के निर्माण में लगभग 9 लाख रुपये खर्च हुए हैं। और यह उन 20 कैदियों को पुनर्स्थापित करने तथा अन्य कैदियों को प्रेरणा देने के लिए एक बेहतर उदाहरण पेश करता है। जेल अधिकारियों का कहना है कि इस पार्लर को खोलने का मुख्य उद्देश्य कैदियों को मुख्यधारा में लाना है। यह केरल में कैदियों द्वारा चलाया जाने वाला दूसरा ब्यूटी पार्लर है, पहले कुन्नूर सेंट्रल जेल में भी कैदी एक ब्यूटी पार्लर चला रहे हैं।

इस प्रयास से होने वाली कमाई को कैदियों के कल्याण कोष में जमा की जाती है, जिससे ऑनलाइन सेवाओं जैसे अन्य प्रयासों को भी शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। हालाँकि यह पहली बार नहीं है जब जेल प्रशासन ने कैदियों के हित में कुछ नया शुरू किया है। इससे पहले, जेल विभाग ने राज्य के तीन केंद्रीय कारागारों के बाहर पेट्रोल पंप खोले थे, जिन्हें चुने गए कैदी चला रहे हैं।

यह पहल कैदियों को कौशल सीखने और पुनर्वास के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी मददगार साबित होती है। यह एक आदर्श उदाहरण है देश की तमाम जेलों के लिए जहाँ कैदियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। केरल की तरह देश के अन्य राज्य सरकारें भी इस प्रथा को शुरू कर सकती हैं और कैदियों को एक बेहतर जीवन देने में सहयोग कर सकती हैं।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ