नई दिल्ली: हम विभिन्न कंपनियों या ब्रांड के सामान प्रयोग करते हैं. इसी लोगो से उस कंपनी के प्रोडक्ट की पहचान होती है. कई बार आपके दिमाग में आया होगा कि आखिर कंपनियां किस आधार पर अपना लोगो तैयार करती हैं.
हुंडई: दक्षिण कोरिया की कंपनी हुंडई की कारें इन दिनों भारत में काफी बिकती हैं. इसके लोगो में आपने देखा होगा कि एक अंडाकार गोले में H लिखा होता है. आप सोचते होंगे हुंडई का पहला अक्षर H होता है इसलिए ऐसा लिखा गया होगा, लेकिन इसके पीछे की कहानी कुछ और है. दरअसल, ह्युंडई का H असल में दो लोगों के हाथ मिलाने की तस्वीर है.
टोयोटा: टोयोटा कंपनी का लोगो कुछ इस तरह से डिजाइन किया गया है कि कंपनी के नाम का हर अक्षर दिखे. इसके अलावा, कंपनी का लोगो सुई धागे को भी दर्शाता है और सर्कल के अंदर दी गई इमेज ऐसी है जैसे धागा सुई के अंदर जा रहा हो. ये दिखाता है कि कंपनी की शुरुआत एक टेक्सटाइल बिजनेस की तरह हुई थी.
एडिडास: कंपनी का लोगो हमेशा से ही बदलता रहा है, लेकिन इसके लोगो में एक बात रही है. तीन स्ट्राइप्स यानी तीन लकीरें. हालिया लोगो कुछ ऐसा बना हुआ है कि लगे जैसे तीन लकीरें मिलकर एक तिकोन बना रही हैं. कंपनी ने यह आकृति पहाड़ की तरह बनाई है जिसमें लोगों को ये दिखे कि खिलाड़ियों को कितना परिश्रम करना पड़ता है.
एलजी: इस कंपनी के लोगो में आपको LG स्पष्ट रूप से लिखा होता है. साथ ही इसमें आंख मारता हुए एक मुस्कुराता चेहरा दिखेगा. इस लोगो में L से नाक बनी हुई है और बिंदू यहां आंख दिखा रहा है. इस लोगो के जरिए कंपनी संदेश देना चाहती है कि वह ग्राहकों के चेहरे पर मुस्कुराहट देखना चाहती है.

0 टिप्पणियाँ