Banner

एनआईटी + सिस्टम में प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू

- इस साल ओसीआई कार्ड धारक सामान्य श्रेणी में जेओएसएए / सीएसएबी काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं

- एनआईटी राउरकेला को पूर्वोत्तर और केंद्रशासित प्रदेशों से सीएसएबी-2023 में पंजीकरण की संख्या बढ़ने की उम्मीद

- एनआईटी राउरकेला बहुभाषी हेल्पडेस्क और पूरे देश में सहायता केंद्रों के माध्यम से सीएसएबी-2023 के लिए संपूर्ण सलाह सेवा सुनिश्चित करेगा

- एनआईटी+ सिस्टम में लगभग 40,000 सीटों के लिए विभिन्न जोसा राउंड में लगभग 3 लाख उम्मीदवारों के पंजीकरण की उम्मीद





24 
जून, 2023: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान राउरकेला (एनआईटी राउरकेला) पूरे 'एनआईटी+ सिस्टम' के ग्रैजुएशन प्रोग्रामों में वर्ष 2023 में प्रवेश के लिए केंद्रीकृत सीट आवंटन प्रक्रिया का संचालन कर रहा है। 'एनआईटी+ सिस्टम' देश के 31 एनआईटी, आईआईईएसटी, 26 आईआईआईटी, 03 एसपीए (योजना और वास्तुकला स्कूल) और 36 जीएफटीआई (सरकारी वित्तपोषित प्रौद्योगिकी संस्थान) का समूह है।

केंद्रीय सीट आवंटन बोर्ड (सीएसएबी) एनआईटी+ सिस्टम के लिए केंद्रीकृत सीट आवंटन के साथ आईआईटी के लिए संयुक्त प्रवेश बोर्ड (जेएबी) का संचालन करेगा। सीट का आवंटन संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई मेन) में उम्मीदवारों की सामान्य रैंक सूची (सीआरएल) के आधार पर किया जाएगा, जबकि आईआईटी के लिए सीट का आवंटन जेईई (एडवांस्ड) के सीआरएल पर आधारित होगा।

पिछले वर्षों से भिन्न इस बार सीट आवंटन के लिए जोसा राउंड में पंजीकरण, जेईई (एडवांस्ड) के परिणाम घोषित होने के ठीक अगले दिन 19 जून, 2023 से शुरू हो चुका है। सीएसएबी-स्पेशल राउंड, जेओएसएए राउंड पूरा होने के बाद 31 जुलाई, 2023 से शुरू होंगे। काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया 14 अगस्त, 2023 तक पूरी हो जाने की उम्मीद है और एनआईटी+ सिस्टम में 17 अगस्त, 2023 तक कक्षाएँ शुरू होने की भी उम्मीद है।

इसके अलावा चुने हुए एनआईटी में केंद्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार, लक्षद्वीप, दमन और दीव तथा दादरा और नगर हवेली के लिए निर्धारित अतिरिक्त सीटों पर जेईई (मेन) रैंक के आधार पर प्रवेश के लिए सीएसएबी अलग से सीएसएबी-सुपरन्यूमेररी राउंड भी आयोजित करेगा।

एनआईटी राउरकेला ने यह जानकारी दी है कि 26 जून, 2023 से सीएसएबी सीएसएबी-एनईयूटी राउंड का संचालन करेगा। इसके तहत इन सुविधाओं से वंचित राज्यों/संघ शासित प्रदेशों के लिए एआईसीटीई स्वीकृत संस्थानों में डिग्री स्तर के प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रमों में उत्तर-पूर्वी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित सीटों का आवंटन किया जाएगा।

एनआईटी, आईआईईएसटी, आईआईआईटी, एसपीए और अन्य जीएफटीआई में कुल लगभग 40000 सीटों पर प्रवेश के लिए एक अनुमान से जेईई (मेन) में सफल 2.5 - 3.0 लाख उम्मीदवारों के सीएसएबी में पंजीकरण करने की उम्मीद है। इनमें एनआईटी में आरक्षित 20 प्रतिशत महिला सीटें भी शामिल हैं। 'चॉइस फिलिंग, सीट अलॉटमेंट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन' की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसलिए छात्रों को किसी संस्थान जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

जेओएसएए/सीएसएबी-2023 में बड़े बदलाव:

Ø आईआईटी और एनआईटी+ सिस्टम में प्रवेश के इच्छुक उम्मीदवारों को 12वीं कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत अंक या संबंधित बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में सर्वोपरि 20 पर्सेंटाइल होना अनिवार्य है। हालाँकि, अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति / पीडब्ल्यूडी छात्रों के लिए 12वीं कक्षा की परीक्षा में यह योग्यता अंक 65 प्रतिशत है।

Ø यह संभव है कि संयुक्त सीट आवंटन का पहला राउंड शुरू होने के बाद किसी उम्मीदवार के बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण होने के परिणाम में कक्षा 12 का परीक्षा बोर्ड संशोधित करे (फिर से कुल योग करने, पुनर्मूल्यांकन आदि कारणों से) पंजीकृत उम्मीदवार की उत्तीर्णता में इस संशोधन के परिणामस्वरूप यदि कोई उम्मीदवार आईआईटी/एनआईटी/आईआईईएसटी/आईआईआईटी/अन्य-जीएफटीआई में प्रवेश के लिए अनिवार्य कक्षा 12 (या समकक्ष) की परीक्षा में योग्यता पूरी कर लेता है और प्रवेश के लिए योग्य हो जाता है, तो ऐसे उम्मीदवार उत्तीर्ण होने का संशोधित प्रमाण पत्र के साथ आईआईटी गुवाहाटी से संपर्क कर सकते हैं। ऐसे उम्मीदवारों को केवल आगामी राउंड (यदि कोई हो) में सीट आवंटन के लिए विचार किया जाएगा। आवंटित सीट (यदि कोई हो) वही होगी, जो उम्मीदवार को उत्तीर्ण होने के संशोधित परिणाम के आधार पर शुरू में मिली होगी। यह सुनिश्चित करने के लिए जरूरत पड़ने पर एक अतिरिक्त सीट का प्रावधान किया जाएगा।

Ø भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयानुसार प्रवासी भारतीय नागरिक (ओसीआई)/ भारतीय मूल के व्यक्ति (पीआईओ) कार्ड धारक जो 04 मार्च, 2021 से पहले उक्त स्थिति में रहे हैं, उन्हें जेओएसएए/सीएसएबी-2023 में जनरल और जनरल-पीडब्ल्यूडी सीटों के लिए सीट आवंटन प्रक्रिया में भारतीय नागरिक समान माना जाएगा। ओसीआई/पीआईओ उम्मीदवारों को भी महिला अतिरिक्त संख्या सीटों का लाभ मिलेगा। भारत में बारहवीं कक्षा (या समकक्ष) परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले ओसीआई/पीआईओ के लिए योग्यता का राज्य कोड भी भारतीय नागरिकों के समान होगा। हालाँकि, विदेश के किसी संस्थान से बारहवीं कक्षा (या समकक्ष) परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले ओसीआई/पीआईओ एनआईटी+ सिस्टम में अन्य राज्य कोटे की सीटों या अखिल भारतीय कोटे की सीटों (लेकिन होम स्टेट कोटे की सीटों के लिए नहीं) के लिए योग्य होंगे। हालाँकि, एनआईटी+ सिस्टम की दो सीट (जोसा राउंड में एक और डीएएसए राउंड में एक) ले चुके उम्मीदवार को सीएसएबी-स्पेशल राउंड शुरू होने से पहले एक सीट छोड़ना अनिवार्य है, अन्यथा दोनों सीटें रद्द हो जाएँगी।

Ø उम्मीदवार जो 4 से कम दिव्यांग हैं, लेकिन परीक्षा में लिख नहीं सकते और स्क्राइब की मदद या फिर अतिरिक्त समय लिया हो, उनके लिए सत्यापन केंद्र पर भौतिक रूप में व्यक्तिगत सत्यापन आवश्यक होगा।

Ø यदि जेओएसएए-2023 राउंड में किसी उम्मीदवार की श्रेणी बदल जाती है, तो उसे सीएसएबी-स्पेशल राउंड 2023 के रजिस्ट्रेशन राउंड में एक वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर अपनी जन्म श्रेणी पुनः बहाल करने की अनुमति दी जाएगी। एनआईटी राउरकेला ने एक ऑनलाइन इंटरफेस तैयार किया है, जिसमें उम्मीदवार वैध श्रेणी के प्रमाण पत्र अपलोड कर जन्म श्रेणी बहाल करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

जेओएसएए/सीएसएबी-2023 काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया में उम्मीदवारों की मदद के लिए सीएसएबी-2023 मुख्यालय एनआईटी राउरकेला (टेलीः 91241 21003) में एक बहुभाषी हेल्पडेस्क बनाया गया है, जो तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, मराठी, बांग्ला, हिंदी, ओड़िया और अंग्रेजी भाषा में सहायता सेवा देगा। इसके अलावा, कुल 52 सहायता केंद्र (प्रत्येक राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में कम से कम एक) भी स्थापित किए गए हैं, जो उम्मीदवारों को उनकी स्थानीय भाषा और अंग्रेजी में ऑनलाइन और ऑफलाइन सहायता देंगे।

जेओएसएए की वेबसाइट पर काम-काज के नियम, प्रमाणपत्र के प्रारूप, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न और अन्य डाक्यूमेंट्स, जैसे कि विभिन्न प्रोग्रामों के लिए ओपनिंग और क्लोजिंग रैंक, सीट मैट्रिक्स, सहायता केंद्रों से संपर्क के विवरण, डाक्यूमेंट्स के सत्यापन केंद्र आदि सभी जानकारियाँ हैं। उम्मीदवार यह सुनिश्चित करें कि सारे प्रमाण पत्र उनके सामने रखे हैं और वैध हैं। यह अनिवार्य है कि ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र सक्षम प्राधिकारी ने 01 अप्रैल, 2023 या उसके बाद जारी किए हों।

एनआईटी राउरकेला का कहना है कि दिव्यांग उम्मीदवारों (पीडब्ल्यूडी) के लिए प्रक्रिया और आसान बनाई गई है। पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को यह विकल्प होगा कि सीट आवंटन प्रक्रिया से पहले या प्रत्येक राउंड में डाक्यूमेंट्स के सत्यापन के समय अपने डाक्यूमेंट्स सत्यापित कराएँ। दिव्यांग उम्मीदवारों की सहायता के लिए एनआईटी राउरकेला में एक विशेष हेल्पडेस्क की सेवा उपलब्ध है। इसके अलावा, पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए सहायक डॉक्यूमेंट इमर्सिव रीडर फॉर्मेट में जल्द ही उपलब्ध होंगे।

प्रो. मुकेश के. गुप्ता, अध्यक्ष, स्थानीय आयोजन समिति, सीएसएबी 2023 ने सीएसएबी की अहमियत बताते हुए कहा, "पिछले साल सीएसएबी-2022 में एनआईटी और आईआईआईटी के 100 प्रतिशत बी.टेक सीटों का आवंटन देखा गया। उम्मीदवारों को बहुभाषी हेल्पडेस्क का बहुत लाभ मिला और इसलिए हम टेलीफोन लाइनों की संख्या बढ़ा रहे हैं। पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर हम उम्मीदवारों को यह बताना चाहते हैं कि वे चाहे फ्लोट या स्लाइड का विकल्प चुनें फिर भी आवंटित सीट स्वीकार करने के लिए सीट स्वीकृति शुल्क का भुगतान अवश्य कर दें। यह भी ध्यान रखें कि उनके बैंक खाते का केवाईसी किया गया हो, ताकि भुगतान विफल नहीं हो जाए। वे कोई भी काम अंतिम घड़ी के लिए नहीं टालें। कुछ उम्मीदवार जोसा राउंड्स में उम्मीद खो देते हैं, परंतु उन्हें धैर्य रखना चाहिए और सीएसएबी-स्पेशल राउंड में भाग लेना चाहिए।"

एनआईटी राउरकेला के निदेशक और सीएसएबी 2023 के अध्यक्ष प्रो. के. उमामहेश्वर राव ने उम्मीदवारों को यह संदेश दिया, "उम्मीदवार यह जरूर जान लें कि जोसा/सीएसएबी काउंसलिंग में भाग लेने के लिए जेईई (मेन) का कोई कट-ऑफ नहीं है। हमने काउंसलिंग की प्रक्रिया आसान करने के कई कदम उठाए हैं। जेओएसएए/सीएसएबी काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और उम्मीदवारों को सीट आवंटन या फिर डाक्यूमेंट्स के सत्यापन के लिए किसी भी संस्थान की यात्रा नहीं करना होगी। उम्मीदवार अपनी जिम्मेदारी के साथ एकेडमिक प्रोग्राम के विकल्प दर्ज करें और ध्यान से ऑनलाइन रिपोर्टिंग के स्टेप्स पूरे करें।"

प्रो. के. उमामहेश्वर राव ने यह भी बताया, "यदि उम्मीदवार कुछ पूछने के इच्छुक हों, तो एनआईटी राउरकेला स्थित सीएसएबी मुख्यालय से बहुभाषी टेलीफोन हेल्पलाइन या सीएसएबी-2023 द्वारा स्थापित 52 सहायता केंद्रों में से किसी से संपर्क कर सकते हैं। प्रत्येक राज्य/यूटी में कम से कम एक ऐसा केंद्र है। उम्मीदवारों को यह सहायता सेवा उनकी स्थानीय भाषा में भी मिलेगी। इससे पूर्व सीएसएबी-2022 के दौरान उम्मीदवारों से संपर्क करने के एनआईटी राउरकेला के प्रयासों का उन्हें बहुत लाभ पहुँचा। विशेष कर सामाजिक-आर्थिक रूप से वंचित समूहों और गांव-देहात के काफी उम्मीदवारों या फिर भाषाई बाधाओं से जूझते उम्मीदवारों के लिए सीट आवंटन की प्रक्रिया समझना बहुत आसान हो गया। पिछले वर्ष जोसा राउंड्स में 28 प्रतिशत और सीएसएबी-स्पेशल राउंड्स में 36 प्रतिशत अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण किया।"

जेओएसएए-2023 के प्रतिभागी उम्मीदवार ये स्टेप्स पूरे करेंः

-
स्टेप 1: जेओएसएए की आधिकारिक वेबसाइट  https://josaa.nic.in पर जाएँ।
-
स्टेप 2: होमपेज पर जेईई रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड डालकर लॉगइन करें।
-
स्टेप 3: चॉइस फिलिंग सेक्शन को पूरा करें।
-
स्टेप 4: सीएसएबी रजिस्ट्रेशन फॉर्म में दर्ज विकल्पों को दुबारा देख लें और फिर लॉक कर दें।
-
स्टेप 5: परिणाम घोषित किए जाने की प्रतीक्षा करें।
-
स्टेप 6: परिणाम घोषित होने के बाद इस तरह ऑनलाइन रिपोर्टिंग करें/: 1) डॉक्यूमेंट अपलोड करें; 2) विकल्प की इच्छा दर्ज करें (फ्लोट/स्लाइड/फ्रीज); 3) सीट स्वीकृति शुल्क का भुगतान करें; 4) यदि कोई प्रश्न पूछा गया हो, तो उत्तर दर्ज करें।
-
स्टेप 7: जेओएसएए राउंड-6 में आंशिक प्रवेश शुल्क (पीएएफ) का भुगतान करें।
-
स्टेप 8: यदि चाहें तो आधिकारिक वेबसाइट https://csab.nic.in के माध्यम से सीएसएबी-स्पेशल राउंड में भाग लें।

महत्वपूर्ण तिथियाँ:

- 19
जून, 2023: जेओएसएए के लिए रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग प्रक्रिया शुरू
- 28
जून, 2023: जेओएसएए के लिए पंजीकरण और चॉइस फिलिंग प्रक्रिया समाप्त
- 30
जून, 2023: राउंड 1 के लिए सीट आवंटन प्रदर्शित
- 30
जून से 4 जुलाई, 2023: ऑनलाइन रिपोर्टिंग (शुल्क भुगतान, डॉक्यूमेंट्स अपलोड करना, विलिंगनेस ऑप्शन)
- 6
से 28 जुलाई, 2023: जेओएसएए का राउंड 2 - 5
- 29
से 31 जुलाई, 2023: आंशिक प्रवेश शुल्क (पीएएफ) का भुगतान
- 2
अगस्त, 2023: सीएसएबी-स्पेशल राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग शुरू
- 6
अगस्त, 2023: सीएसएबी-स्पेशल राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग समाप्त
- 7
अगस्त, 2023: स्पेशल राउंड 1 के लिए सीट आवंटन प्रदर्शित
- 7
से 9 अगस्त, 2023: स्पेशल राउंड 1 के लिए ऑनलाइन रिपोर्टिंग (डॉक्यूमेंट्स अपलोड करना, विलिंगनेस ऑप्शन)
- 11
अगस्त, 2023: स्पेशल राउंड 2 के लिए सीट आवंटन प्रदर्शित
- 11
अगस्त से 14 अगस्त, 2023: स्पेशल राउंड 2 के लिए ऑनलाइन रिपोर्टिंग (डॉक्यूमेंट्स अपलोड करना, विलिंगनेस ऑप्शन)
- 12
अगस्त से 17 अगस्त, 2023: प्रथम वर्ष की कक्षाएँ आरंभ होने की अनुमानित तिथि

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ